पशु तस्करी और कच्ची शराब बनाने के नाम पर पैसा वसूलने के मामले में एसपी सुनील कुमार सिंह ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। डलमऊ कोतवाल के साथ ही उनके गाड़ी के ड्राइवर और खीरों कोतवाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
वहीं चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में नाकाम अटौरा चौैकी इंचार्ज और गुरुबख्शगंज थानेदार को भी हटा दिया। इसके अलावा लापरवाह कई अन्य थानेदारों को भी हटा दिया गया जबकि अच्छे काम करने वालों को थानों की कमान सौंपी गई है।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में वध प्रतिबंधित मवेशियों के भारी संख्या में अवशेष पाए गए थे। एसपी ने अपने स्तर से इसकी जांच कराई तो इसमें डलमऊ कोतवाल मणिशंकर तिवारी, डलमऊ चौकी इंचार्ज सुभाष सरोज और कोतवाल का गाड़ी चालक रामसेवक की संलिप्तता पाई गई।
यह सब चंद रुपयों की खातिर पशु तस्करी करा रहे थे। डलमऊ चौकी इंचार्ज को अवशेष मिलने के बाद सस्पेंड कर दिया गया था। अब एसपी ने रविवार को डलमऊ कोतवाल और उनके गाड़ी ड्राइवर को भी सस्पेंड कर दिया। खीरों क्षेत्र में कच्ची शराब बन रही थी।
इसमें खीरों कोतवाल अमरनाथ यादव की भूमिका पाई गई। कच्ची शराब बनाने के नाम पर रुपये ले रहे थे। इस पर अमरनाथ यादव को भी एसपी ने सस्पेंड कर दिया। गुरुबख्शगंज थानेदार हरिशंकर प्रजापति और अटौरा चौकी इंचार्ज महेश कुमार की लापरवाही से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही थी।
इस पर थानेदार और चौकी इंचार्ज को हटा दिया गया। मिल एरिया थानेदार राकेश सिंह यादव को वहां से हटाकर अब स्वाट टीम की जिम्मेदारी दी गई है। भदोखर एसओ राजकुमार पांडेय को मिल एरिया थाने की कमान दी गई है।
डलमऊ और खीरों कोतवाल मनमानी की हदें पार कर रहे थे। डलमऊ कोतवाल चंद रुपयों की खातिर पशु तस्करी करा रहे थे तो खीरों कोतवाल भी कच्ची शराब बनाकर लोगों को मौत के मुंह में धकेल रहे थे। इसकी शिकायत हुई तो एसपी ने इसे गंभीरता से लिया। एसपी ने गोपनीय टीम मौके पर भेजकर जांच कराई तो शिकायत सही मिली। इस पर दोनों को सस्पेंड कर दिया।
लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद एसपी कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करना शुरू कर दिया है। शहर में आए दिन जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। माना जा रहा है कि ट्रैफिक इंचार्ज प्रशांत सिंह भदौरिया भी एसपी के निशाने पर हैं।
जल्द उन पर भी गाज गिर सकती है। इसके अलावा लालगंज, महराजगंज और सलोन सर्किल क्षेत्र के कई थानेदार भी एसपी के निशाने पर हैं। इन सर्किल क्षेत्र में तैनात कुछ थानेदार अपने आप को एसपी से ऊपर समझने लगे हैं। ऊपर की पहुंच बताकर मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आम जनता को त्वरित न्याय मिले और पुलिसिंग व्यवस्था बेहतर हो, इसे देखते हुए फेरबदल किया गया है। डलमऊ कोतवाल और खीरों एसओ को भ्रष्टाचार में लिप्त होने पर सस्पेंड किया गया है।
अन्य थानेदारों के कार्यों की भी समीक्षा की जा रही है। जल्द और फेरबदल किया जाएगा। पुलिसिंग को बेहतर करने वाले एसओ ही थानों की कुर्सी पर रह पाएंगे।