कोटे की 10 दुकानों के चयन के आदेश, तारीखें घोषित
रायबरेली। जिले में कोटे की रिक्त 10 दुकानों के चयन के आदेश दिए गए हैं। डीएम नेहा शर्मा ने कोटे की दुकानों के चयन के लिए खुली बैठकें करने के लिए तारीखें भी तय कर दी हैं।
साथ ही नोडल अधिकारियों को तय तारीखों में गांवों में खुली बैठक करके प्रक्रिया को पूरी कराने के आदेश दिए हैं। जिले में कोटे की 10 दुकानों का चयन नहीं हो पाया है।
बताते हैं कि कार्रवाई होने के बाद दुकानों को निरस्त करके दूसरी दुकानों से कार्डधारकों को संबद्ध करके राशन दिया जा रहा है। डीएम नेे संबंधित दुकानों का चयन कराने का आदेश दिया है। इसके लिए गांवों में खुली बैठकें करने के लिए तारीखें भी तय कर दी हैं।
11 जून को गौरा ब्लॉक के लोदीपुर उतरावां व सरेनी ब्लॉक के खेमानखेड़ा, 12 जून को कुरौली बुधकर व डीह ब्लॉक के मधुकरपुर, 13 जून को राही ब्लॉक के बेलाभेला व महराजगंज ब्लॉक के भटसरा, 14 जून को सतांव ब्लॉक के कृष्णपुर ताला व ऊंचाहार ब्लॉक के निगोहा और 15 जून को मानपुर व ऊंचाहार ब्लॉक के गोपालपुर उधवन में खुली बैठक करके कोटे की दुकानों के चयन के आदेश दिए गए हैं।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि डीएम ने खुली बैठकों के माध्यम से कोटे की दुकानों के चयन के आदेश दिए हैं। इसके लिए संबंधित ब्लॉकों के आपूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित कर दिया गया है।