रेल कोच कारखाने की शेल शॉप में लगी आग
रायबरेली। लालगंज मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री की शेल शॉप में रविवार सुबह नौ बजे आग लग गई। जिससे पांच वेल्डिंग मशीनें चल गईं। इस हादसे में लाखों का नुकसान हुआ है।
रेल कोच फैक्ट्री में रविवार सुबह करीब 9 बजे शेल शॉप की असेंबली लाइन के पास एक केबिन में आग लग गई। इसी केबिन में काफी कीमती मिग वेल्डिंग मशीनें रखीं थीं।
देखते ही देखते विकराल हुईं लपटों से वेल्डिंग की पांच मशीनें जल गईं। यह मशीनें कई लाख की थीं। पास में ही काम कर रहे एक प्राइवेट कंपनी के आदमियों ने जब धुंआ निकलते देखा तो उन्होंने शोर मचाया और कारखाने की फायर ब्रिगेड और आरपीएफ को सूचना दी।
कारखाने की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने का सटीक कारण अभी तक नहीं पता चला है। कारखाने के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आरपी शर्मा ने बताया कि केबिन के पास फैले कुछ कपड़ों से आग लग गई।
आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का पता लगाने के लिए के एक जांच कमेटी गठित की गई है, जो इस हादसे की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट देेगी। इस रिपोर्ट के आने के बाद ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।