धूल और हिचकोले खा रहे 50 हजार लोग
रायबरेली। शहर में 111 करोड़ रुपये से अमृत योजना के तहत सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कें तो खोद दी गई हैं, लेकिन मरम्मत कराना कार्यदायी संस्था जलनिगम और ठेकेदार भूले बैठे हैं। इस लापरवाही का खामियाजा शहर के करीब 50 हजार लोग भुगत रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि नियम है कि सीवर लाइन बिछाने के बाद न सिर्फ सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी, बल्कि पानी का छिड़काव कराया जाएगा, जिससे धूल की समस्या शहरवासियों को न उठानी पड़े।
सीवर लाइन बिछाने के नाम पर पहले ही भ्रष्टाचार का खेल उजागर हो गया है। बावजूद इसके अफसर इसको लेकर गंभीर नहीं हैं। गौरतलब है कि अमृत योजना के तहत शहर में 111 करोड़ रुपये से सीवर लाइन बिछाने और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य कराया शुरू कराया गया है।
कार्यदायी संस्था जलनिगम जिस ठेकेदार से कार्य कर रहा है, वह योजना को लेकर गंभीर नहीं है। योजना के तहत अब तक महज 14 करोड़ रुपये के कार्यों को ही कराया गया है।
सिविल लाइंस चौकी से सीएमओ के आवास तक सीवर लाइन बिछाने के लिए पूरी सड़क खोद दी गई। यह इलाका राजकीय कॉलोनी के तहत आता है, जहां पर डीएम को छोड़कर बाकी पुुलिस-प्रशासन के सभी बड़े अफसर रहते हैं।
मरम्मत के नाम पर खानापूरी की गई। सीवर टैंक खुला है। यह देखने वाला कोई नहीं है। नेहरू नगर रेल क्रॉसिंग से बरगद चौैराहा तक बड़े-बड़े गड्ढे हैं। तनिक भी हवा चलने पर धूल उड़ती है, जिससे नागरिकों को दिक्कतें होती हैं।
दिन में तो ठीक रहता है, लेकिन रात के वक्त गड्ढे होने से हादसे का खतरा मंडरा रहा है। मरम्मत के नाम पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कमोवेश यही हाल तहसील रोड का है। अनदेखी से किसी दिन कोई बड़ी घटना हो सकती है।
डिग्री कॉलेज चौराहे से कलक्ट्रेट तक भी सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोद दी गई है। बावजूद मरम्मत नहीं कराई जा रही है। यह हाल तब है, जब इस रोड से प्रतिदिन पुलिस-प्रशासनिक अफसरों का आना जाना रहता है।
बावजूद कार्यदायी संस्था और ठेकेदार की मनमानी की जा रही है। कृष्णा नगर के रामअभिलाख, महानंदपुर निवासी अनिल पांडेय, रामजीपुरम की रहने वाली मोहिनी मिश्रा, मलिकमऊ रोड के रहने वाले नारेंद्र सिंह और इंदिरा नगर निवासी आकाश सिंह का कहना है कि सड़कें खोद गई हैं, जिससे आने जाने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। हल्की हवा चलने पर भी धूल उड़ती है, जिससे परेशानी होती है। ठेकेदार मनमानी बरत रहा है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ईओ, नगर पालिका रायबरेली बालमुकुंद मिश्रा ने कहा कि कार्यदायी संस्था जलनिगम के अफसरों से खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने की बात कही गई है। कुछ सड़कों पर मरम्मत का कार्य कराने की बात कही जा रही है।
इसे मौके पर जाकर दिखवाया जाएगा कि सड़क की मरम्मत कराई जा रही है कि नहीं। ऐसा नहीं किया गया तो ठेकेदार के खिलाफ लिखापढ़ी की जाएगी।
एक्सईएन, जलनिगम जनार्दन सिंह ने कहा कि सीवर लाइन बिछाने के लिए जिन सड़कों की खोदाई जा रही है, उनकी मरम्मत कराने के लिए कार्य शुरू करा दिया गया है।
केंद्रीय विद्यालय और ओवरब्रिज के पास सड़क मरम्मत का कार्य पूरा करा लिया गया है। जल्द अन्य सड़कों की भी मरम्मत करा दी जाएगी।