रायबरेली। छात्रा से एकतरफा प्यार करने वाले एक सिरफिरे ने ही उस पर तेजाब से हमला किया था। कॅरिअर की खातिर छात्रा ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था।
इस पर आरोपी ने पीड़ित छात्रा को सबक सिखाने की ठानी थी। पीड़िता के साथ पढ़ने वाले एक छात्र के साथ मिलकर उसने यह साजिश रची थी।
ऊंचाहार पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी प्रेमी को पकड़ने के बाद घटना का खुलासा किया। रविवार को आरोपी प्रदीप मौर्य को पुलिस ने जेल भेज दिया।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ऊंचाहार में मंगलवार को स्कूल जाते वक्त एक छात्रा पर तेजाब से हमला कर फेंक दिया गया था। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
एसपी ने बताया कि सीओ डलमऊ विनीत सिंह और एसओ बृजमोहन सिंह ने अरखा गांव के पास से मुख्य आरोपी प्रदीप मौर्य को दबोच लिया, जो माधौपुर सुल्तान गांव का रहने वाला है।
एसपी के मुताबिक प्रदीप छात्रा से एकतरफा प्यार करने लगा था। प्रदीप उससे शादी करना चाहता था। लेकिन पीड़िता कॅरिअर बनाना चाहती थी। वह नौकरी करना चाहती थी।
इसके बावजूद प्रदीप शादी करने की जिद कर रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता के साथ ही अचल सरोज भी पढ़ता है। अचल पीड़िता और प्रदीप के बीच की सारी बात बताता था।
पीड़िता कहां गई और कब स्कूल आई, इसकी जानकारी प्रदीप को देता था। प्रदीप ने अचल के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। एसपी का कहना है कि अचल के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
पीड़िता की कई बार तुड़वा चुका था शादी
एसपी बताते हैं कि पढ़ाई करने के बाद प्रदीप पहले दिल्ली चला गया था और फिर यहीं पर आकर घरों में टाइल्स लगाने का काम करने लगा था। परिवारीजनों ने तीन बार छात्रा की शादी तय कर दी थी। इस पर आरोपी ने लोगों को भड़का कर उसकी शादी तुड़वा दी थी। एसपी कहते हैं कि लोकलाज के चलते छात्रा ने अपने परिवारीजनों को यह बात नहीं बताई थी।