ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर कबीर बाबा चौराहे पर शुक्रवार रात कार सवार छह युवकों ने रोडवेज बस पर हमला कर दिया।
असलहे के बल पर बस के परिचालक से रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। कार सवार लोगों ने बस पर पथराव किया, जिससे बस के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही सवारियों को भी मामूली चोटें आईं।
चालक बस लेकर कोतवाली पहुंच गया और कार सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बाद में चालक बस लेकर चला गया।
अवध डिपो की बस शुक्रवार रात लखनऊ से प्रयागराज जा रही थी। बस कबीर बाबा चौराहे के पास पहुंची तो जाम लगा होने के कारण कुछ सवारियां नीचे उतर गईं।
इसी बीच पीछे से आई कार के चालक ने गाड़ी को बगल से निकालने का प्रयास किया। बस व कार में मामूली टक्कर के बाद बस व कार चालक में कहासुनी होने लगी।
बताते हैं कि इस बात से नाराज कार सवार लोग असलहा लहराते हुए बस में घुस गए। सवारियों का विरोध बढ़ने के बाद कार सवारों ने बस से उतरकर पथराव शुरू कर दिया। इससे बस क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ सवारियों को भी चोटें आ गईं।
कार सवार युवकों ने परिचालक का बैग भी छीनने का प्रयास किया। किसी तरह चालक अनुज कुमार शर्मा बस को लेकर कोतवाली पहुंच गया। पुलिस पहुंचती, इससे पहले कार सवार भाग निकले।
बस चालक ने बताया कि हमलावर नशे में थे। कोतवाल बृज मोहन ने बताया कि रोडवेज बस चालक की तहरीर पर कार संख्या यूपी 33 एपी 2727 व सवार पांच, छह अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार कार सलोन क्षेत्र की बताई जाती है।