आईटीआई एकादश ने सात रन से जीता क्रिकेट मैच
रायबरेली। बैसवारा क्लब सिविल कोर्ट की ओर से आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एडवोकेट कप का शुभारंभ शनिवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में जनपद न्यायाधीश केके अस्थाना एवं एसपी सुनील कुमार सिंह ने किया। प्रतियोगिता का पहला मैच आईटीआई एकादश और आरसीसीपीएल क्लब के बीच खेला गया।
आईटीआई एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 121 रन बनाए। जवाब में उतरी आरसीसीपीएल क्लब के अमित दीक्षित एवं विकास सिंह ने क्रमश: 38 एवं 28 रन की पारी खेली, फिर भी लक्ष्य हासिल नहीं कर सके।
इस तरह आईटीआई एकादश ने सात रन से जीत हासिल कर ली। इससे पहले बैसवारा क्लब के अध्यक्ष रामानुज शर्मा, सेंट्रल बार एसोसिएशन अध्यक्ष अतुल शुक्ल, सचिव विजय वाजपेयी, देवेंद्र सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।