रायबरेली। गुरुबख्शगंज पुलिस ने एक मैकेनिक को घर में बंधक बनाकर पिटाई करने के मामले में पिता-पुत्र समेत चार हमलावरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने हमलावरों को सई नदी के पास से दबोच लिया। चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक शशिशेखर सिंह शनिवार को पुलिस कार्यालय में मीडिया से रूबरू हुए और पकड़े गए आरोपियों की जानकारी दी।
एएसपी ने बताया कि हरचंदपुर थाना क्षेत्र के सोममऊ डिघौरा गांव निवासी रामसजीवन की ताला बाजार में टीबी-रेडियो की रिपेयरिंग की दुकान है।
रामसजीवन की पत्नी बृजरानी ने पांच दिसंबर को गुरुबख्शगंज थाने में तहरीर दी कि ठकुराइनखेड़ा गांव निवासी बिंदा प्रसाद समेत चार लोगो बिजली का बोर्ड बनाने के बहाने उसके पति रामसजीवन को अपने घर ले गए।
वहां पर कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी के साथ पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों की पिटाई से उसका पति लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
उन्होंने बताया कि पत्नी की सूचना पर गुरुबख्शगंज पुलिस हरकत में आई। एसओ विनोद सिंह ने पुलिस टीम के साथ सई नदी पुल के पास से घटना में शामिल चार आरोपियों को दबोच लिया।
इसमें ठकुराइनखेड़ा गांव निवासी बिंदा प्रसाद, उसके बेटे अमित, बरदर गांव का रहने वाला दोस्त नन्हकऊ और खीरों थाना क्षेत्र के अतरहर गांव निवासी अमित पुत्र गंगाचरन को पकड़ा गया है।
इसमें आरोपी अमित पुत्र गंगा चरन मुख्य आरोपी बिंंदा प्रसाद का दामाद है। एएसपी ने बताया कि सभी हमलावर पुलिस से बचने के लिए भागने की फिराक में थे, तभी दबोचे गए। सभी को जेल भेज दिया गया है।