सर्दी का सितम, नवजात समेत तीन की मौत
रायबरेली। जिले में सर्दी का सितम कम नहीं हो रहा है। सर्द हवा ने आम लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। हर दिन किसी न किसी की मौत हो रही है।
शुक्रवार को ठंड लगने के बाद जिला अस्पताल लाए गए एक नवजात समेत तीन लोगों की मौत हो गई। लगातार ठंड से मरने वालों की संख्या बढ़ रही है।
शुक्रवार को भी हल्की धूप दिखाई दी, लेकिन कुछ देर बाद ही सूर्यदेव बादलों में जा छिपे। लोग घरों में दुबके रहे और उनको कंपकंपी छूटती रही। बाहर लोग अलाव तो घरों में हीटर के सहारे ठंड से बचने का प्रयास करते रहे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के दशहरा मेला मैदान सुरजूपुर में गुरुवार की रात द्रोपदी (60) की मौत हो गई। बताते हैं कि गुरुवार शाम उसे ठंड लगने के बाद कंपकंपी शुरू हो गई।
उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। शिवगढ़ क्षेत्र के खजुरो गांव की गीता के नवजात को भी गुरुवार रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। ठंड की चपेट में आने के बाद बाला गांव की प्रिया (4) को 9 जनवरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रिया ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। एसडीएम सदर गौरव शुक्ला का कहना है कि ठंड से मौत की सूचना मिलते ही टीम मौके पर टीम भेजी जाती है। पोस्टमार्टम में ठंड से मौत की पुष्टि होने के बाद सहायता दिलाई जाती है।
वहीं धूप न निकलने के कारण शुक्रवार को सुबह से ही कड़ाके की ठंड रही। कोहरे के कारण आवागमन भी प्रभावित रहा। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं कराई गई है।
शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, सुपर मार्केट, घंटाघर चौराहा, डिग्री कॉलेज चौराहा आदि स्थानों पर अलाव न जलने से गरीबों को ठिठुरते हुए रात बितानी पड़ रही है।