इमरजेंसी के बाथरूम में रखी शराब की बोतलों का वीडियो वायरल
रायबरेली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाथरूम में शराब की बोतलें मिलने का वीडियो वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
इसके बाद सीएमओ के आदेश पर देर शाम दो सदस्यीय अधिकारियों की टीम जांच करने पहुंची। हालांकि टीम को बाथरूम में शराब की बोेतलें नहीं मिली हैं। टीम ने इमरजेंसी के डॉक्टर समेत सात कर्मचारियाें के बयान दर्ज किए हैं।
गुरुवार की देरशाम सीएमओ डॉ. डीके सिंह को सूचना मिली कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाथरूम में शराब पी जा रही है।
इमरजेंसी के बाथरूम में शराब की बोतलों के संबंध में एक वीडियो भी वायरल हुआ। सूचना मिलते ही सीएमओ के आदेश पर एसीएमओ डॉ. एसके चक और डॉ. नागेंद्र प्रसाद की टीम जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंची। टीम का दावा है कि जांच के दौरान बाथरूम में शराब की बोतलें नहीं मिलीं।
टीम ने इमरजेंसी के ईएमओ डॉ. अतुल पांडेय, फार्मासिस्ट जीडी शुक्ला, शिव प्रकाश, उमेश कुमार, रोशन लाल समेत सात लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
जांच अधिकारी डॉ. एसके चक ने बताया कि बाथरूम में शराब की बोतलें नहीं मिली हैं। वायरल हुए वीडियो को भी देखा जाएगा। जांच के दौरान ड्यूटी पर रहे चिकित्सक व अन्य कर्मचारियाें के बयान दर्ज किए गए हैं।
सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी सीएमएस डॉ. बीरबल की मानें तो किसी ने बदनाम करने के लिए ये शरारत की है।