शहर में 9 घंटे ठप रही विद्युत आपूर्ति
बेहाल रहे उपभोक्ता, जताई नाराजगी
रायबरेली। जिले में सरेनी और लालगंज ब्लॉक क्षेत्र के कुछ गांवों को छोड़कर जिले की बिजली आपूर्ति 9 घंटे ठप रही है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के लोगों को जहां पेयजल की समस्या से जूझे तो गांवों में खेतों की छपाई का काम प्रभावित रहा। शहर में जहां ढाई बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो, जबकि गांवों में कहीं तीन तो कहीं चार बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई। वितरण के अधिकारी अमावां ट्रांसमिशन में मरम्मत का काम चलने आपूर्ति ठप होने का राग अलापते रहे।
जिले में शहर के अलावा ग्रामीण अंचलों की बिजली आपूर्ति ठप रही। सुबह नौ बजे से बिजली नहीं आई। इससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। शहर के इंदिरा नगर निवासी रामजस, शिव नरेश, हरिशंकर पांडेय ने बताया कि सुबह बिजली कटौती हो जाने से पेयजल की समस्या से जूझना पड़ा। दोपहर ढाई बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इसी तरह ग्रामीण अंचलों में कहीं पर तीन तो कहीं पर चार बजे बिजली आई। खीरों के रामचंदन, सतांव के रामनरेश, अखिलेश कुमार, जगतपुर के रामप्रसाद, गुरुबख्श ने बताया कि इस समय खेतों की छपाई का काम चल रहा है। बिजली आने का दिनभर इंतजार करते रहे। ट्रांसमिशन के एसडीओ एके मौर्य ने बताया कि अमावां ट्रांसमिशन के 200 एमबीए ट्रांसफार्मर में जैक बस बदला जा रहा है। इस वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। दो बजे जिले की आपूर्ति शुरू कर दी गई। अनुरक्षण कार्य 21 नवंबर तक चलेगा।