बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान
रायबरेली। राजकीय इंटर कॉलेज में गुरुवार को पत्राचार शिक्षा संस्थान की ओर से पत्राचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता अपर शिक्षा निदेशक (पत्राचार शिक्षा) कीर्ति गौतम ने की। एनसीसी कैडेटों ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि पत्राचार शिक्षा के माध्यम से स्कूली शिक्षा छोड़ चुके छात्र एवं छात्राओं, महिलाएं एवं नौकरी पेशा से जुड़े लोग अपनी योग्यता में वृद्धि कर सकते हैं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रायबरेली एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवानंदपुर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अपर शिक्षा निदेशक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉ. महेंद्र सिंह, श्रीराम वर्मा, भोलाकांत मिश्रा को पुरस्कृत किया। पत्राचार प्रभारी फैजाबाद मंडल राजश्री पांडेय ने संगोष्ठी के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। रीता पांडेय ने पत्राचार शिक्षा व्यवस्था एवं शैक्षिक प्रशासकों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। मंशा सिंह ने सामान्य एवं विज्ञान संपर्क शिविर के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन विश्वनाथ प्रसाद रावत ने किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य टीपी सिंह, सुधीर कुमार, केवलपति, रचना श्रीवास्तव, आकांक्षा पाल, प्रदीप कुमार मिश्रा समेत लखनऊ, फैजाबाद, देवी पाटन मंडल के जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रधानाचार्य एवं पत्राचार प्रभारियों ने प्रतिभाग किया।