हाईस्कूल और इंटर के 42 प्रधानाचार्यों को नोटिस
रायबरेली। वर्ष 2018 में हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा कराए जाने के लिए तैयारियां भले ही अभी से शुरू कर दी गई हों, लेकिन इसको लेकर ढिलाई बरती जा रही है। केंद्र निर्धारण के लिए आधारभूत सूचनाएं अपलोड न करने वाले 42 प्रधानाचार्यों को डीआईओएस ने नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर सूचनाएं अपलोड किए जाने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर लापरवाहों पर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
वर्ष 2018 में हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन किया जा रहा है। यहां पर कुल 313 हाईस्कूल व इंटर कॉलेज हैं। इसमें से 42 ऐसे हाईस्कूल और इंटर कॉलेज हैं, जिनके प्रधानाचार्यों की ओर से विद्यालय की आधारभूत सूचनाएं माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश इलाहाबाद की वेबसाइट पर अपलोड नहीं कराई गई है। इस बाबत माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश इलाहाबाद से बराबर पत्र आ रहे हैं। इस पर सभी प्रधानाचार्यों को नोेटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर सूचनाएं अपलोड किए जाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
ये स्कूल संचालक बरत रहे लापरवाही
जीपीआरपी इंटर कॉलेज कुर्री सुदौली, गर्ल्स इंटर कॉलेज बछरावां, वसी नकवी नेशनल इंटर कॉलेज रायबरेली, श्री भगवती विद्यालय इंटर कॉलेज मुरारमऊ, श्रीबरखंडी विद्यापीठ इंटर कॉलेज शिवगढ़, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज परशदेपुर, श्री गांधी इंटर कॉलेज चंद्रभूषणगंज घुरवारा, उर्मिला इंटर कॉलेज, विवेकानंद इंटर कॉलेज प्रेमा नगर नहर कोठी इचौली, वसी नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, एसडी पांडेय मेमो इंटर कॉलेज डिघिया, जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल, यशोदा देवी हाईस्कूल इचौली, इंदिरा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज भीरी गोविंदपुर डलमऊ आदि हाईस्कूल व इंटर कॉलेज शामिल हैं, जिनकी आधारभूत सूचनाएं अपलोड न करने पर कार्रवाई होगी।
नोटिस जारी कर 42 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से तीन दिन के अंदर आधारभूत सूचनाएं अपलोड कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न होने पर संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बार अभी से हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की 2018 की परीक्षा की तैयारियां चल रही हैं।- गिरधारीलाल कोली, जिला विद्यालय निरीक्षक