सावधान, शहर की दुकानों में बेचा जा रहा मिलावटी दूध
रायबरेली। दूध पीने के शौकीन लोग सावधान हो जाइए। आपकी सेहत ठीक रखने वाले दूध में मिलावट की जा रही है। इसका खुलासा मंगलवार को तब हुआ, जब शासन की ओर से भेजी गई ई-मैट मशीन से लैस वैन यहां पर पहुंची। इस मशीन के जरिए दुकानों पर जाकर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच की। इसमें दूध में मिलावट पाई गई। इससे पूर्व एडीएम प्रशासन तिलकधारी ने कलेक्ट्रेट में हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया।
उन्होंने कहा कि इस मशीन से कोई भी दूध की जांच कर सकता है। मशीन तुरंत बता देगी कि दूध में क्या मिलावट की गई है। एफएसडीए के अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितिन कुमार, अरुण कुमार, अरुण शुक्ला और कृष्णाकांत ने ई-मैट मशीन से लैस वैन के साथ शहर की दुकानों पर पहुंचकर दूध के नमूने भरे। जांच की गई। करीब 20 दूध के नमूनों की जांच कराई, जो फेल पाए गए। किसी में फैट मानक के रूप नहीं था तो किसी दूध में एसएनएफ मानक के तहत नहीं था।
अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि कोतवाली रोड स्थित गोपाल स्वीट्स से लिए गए दूध का नमूने में मिलावट मिली। हरी डेयरी रेलवे स्टेशन रोड से नमस्ते इंडिया के दूध में एसएनएफ मानक के तहत नहीं मिला। पराग अवसीतन केंद्र त्रिपुला से लिया गया दूध का नमूना फेल पाया गया। इसके अलावा अन्य स्थानों से लिया गया दूध में मिलावट पाई गई। अभिहित अधिकारी ने बताया कि मशीन दूध में फैट, एसएनएफ, घनत्व, यूरिया, पामोलिन, डिटर्जेंट कितना है, यह सब जांच करके बता देती है। आज जितने नमूने फेल मिले, उन दुकान मालिकों को चेतावनी दी गई है। सुधार न होने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।