डीएम की फटकार पर हुई सड़क की मरम्मत
डीह (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के पांडेय का पुरवा गांव के पास सड़क टूटी होने की शिकायत पर डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और गड्ढे को भरने का निर्देश दिए। फटकार के बाद मंगलवार को पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत कराई।
डीह ब्लॉक क्षेत्र के पांडेय का पुरवा के पास डीह-रायबरेली मार्ग पर पुल और सड़क के बीच की मिट्टी बरसात में बह गई। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। सुबह ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डीह थानेदार शिवशंकर गुप्ता से की तो मौके पर जाकर जांच की और इसकी जानकारी एसडीएम को दी। एसडीएम ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की। डीएम की फटकार पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर सड़क के किनारे मिट्टी की भराई का काम शुरू कराया।