रायबरेली। हमीदपुर बड़ागांव स्थित प्रसिद्ध गौरीशंकरन महादेव मंदिर में शुक्रवार रात युवक ने शिवलिंग पर त्रिशूल से 15 वार किए। त्रिशूल भी तोड़ दिया। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना से भक्तों में नाराजगी है। युवक मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यह मंदिर जिले की प्रतापगढ़ सीमा पर स्थित है। पूरे नंदी गांव का एक युवक मंदिर पहुंचा था। उसने शिवलिंग के पास स्थित त्रिशूल को उखाड़ लिया। युवक ने पहले त्रिशूल को मंदिर में इधर-उधर फेंका, जिससे उसका अगला हिस्सा टूट गया। इसके बाद उसने त्रिशूल की छड़ से शिवलिंग पर 15 वार किए।
शनिवार शाम मंदिर की समिति के उपाध्यक्ष लोकनाथ शुक्ला, सुंदरकांड आयोजन समिति के अध्यक्ष आशीष शुक्ला, शैलेश तिवारी, अतुल शुक्ला और रितांश पाल ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार राय ने बताया कि पता लगाया जा रहा है कि युवक ने शिवलिंग पर हमला क्यों किया। उसकी जल्द गिरफ्तारी होगी।