एनटीपीसी में 500 मेगावाट विद्युत उत्पादन करने वाली छह नंबर यूनिट में तकनीकी खराबी आने के चलते उत्पादन कार्य ठप हो गया है। दो दिन पहले आई खराबी के बाद रविवार शाम यूनिट को बंद करना पड़ा। बताते हैं कि यूनिट के ब्वॉयलर ट्यूब में कोई खराबी है जिसके चलते यूनिट बंद की गई है।
गर्मी बढ़ते ही बिजली की मांग बढ़ गई है। इस बीच विद्युत उत्पादन संयंत्र भी धोखा देने लगे हैं। ऊंचाहार परियोजना में 500 मेगावाट क्षमता वाली छह नंबर यूनिट में दो दिन से ब्वॉयलर ट्यूब में तकनीकी खराबी आने के कारण यूनिट में दिक्कत आ गई। इस कारण रविवार की शाम करीब छह बजे प्रबंधन ने यूनिट को बंद करने का निर्णय लिया।
करीब 12 घंटे तक यूनिट को ठंडा करने के बाद मरम्मत का काम शुरू हुआ है। परियोजना सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात या मंगलवार सुबह तक यूनिट को फिर से चला दिया जाएगा। ऊंचाहार परियोजना में 210 मेगावाट प्रत्येक यूनिट क्षमता की कुल पांच और 500 मेगावाट क्षमता की एक यूनिट स्थापित है।
इस प्रकार ऊंचाहार परियोजना की कुल उत्पादन क्षमता 1550 मेगावाट है। जनसंपर्क सहायक परियोजना आज्ञाशरण सिंह ने बताया कि ऊंचाहार परियोजना से विद्युत आपूर्ति उत्तरी ग्रिड को दी जाती है जिसके माध्यम से देश के कुल नौ राज्यों को बिजली आपूर्ति की जाती है।
किसी भी यूनिट के बाधित होने से ग्रिड पर असर पड़ता है। ग्रिड का संतुलन बनाने के लिए कटौती की जाती है। छह नंबर यूनिट में मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द ही उत्पादन शुरू हो जाएगा।