बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात बांदा-बहराइच राजमार्ग पर पश्चिम गांव के निकट एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे में कार पर सवार दो डेरी व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे मृतकों व घायल को बाहर निकाला। घायल को आननफानन जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सेमरपहा गांव निवासी आशीष मौर्य (31), सुहाईबाग निवासी आलोक यादव (28)और बदई का पुरवा निवासी सोनू यादव (28) देर रात किसी काम के सिलसिले में कार पर सवार होकर बछरावां कस्बे आ रहे थे।
तभी पश्चिम गांव के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखचे उड़ गए और कार में आशीष मौर्य और आलोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
देर रात हुई इस दुर्घटना की सूचना जब बछरावां पुलिस को मिली तो आननफानन कोतवाल रावेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे मृतकों व घायल को बाहर निकाला।
आननफानन घायल सोनू यादव को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि लोग सिहर उठे।
मृतक आशीष मौर्य अपने गांव में सम्यक डेयरी फार्म का संचालक था। जबकि मृतक आलोक मदर डेयरी में कलेक्शन प्रभारी के तौर पर काम करता था। गंभीर रूप से घायल सोनू यादव भी दूध का व्यवसाय करता है।
तीनों दोस्त डेयरी के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। घटना की जानकारी होते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।