रायबरेली। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षा के लिए जिले में 114 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 74,359 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे।
इसके लिए जिले को सात जोन और 20 सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेटों को तैनाती दे दी गई है। बुधवार को मजिस्ट्रेट ने अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का मुआयना कर व्यवस्थाएं परखीं।
डीएम संजय कुमार खत्री, एसपी सुनील कुमार सिंह ने भी डीआईओएस कार्यालय में चल रही तैयारियों का जायजा लिया और देर शाम बैठक की।
नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए शासन के निर्देश पर सभी 114 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकॉर्डर लगे हुए हैं।
वहीं सभी चिन्हित किए गए 19 संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती हो गई है। हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस का पहरा भी रहेगा और गेट के आसपास भीड़ जुटने नहीं दी जाएगी।
आंकड़ों में बोर्ड परीक्षा....
कंट्रोल रूम का नंबर 0535-2210409
परीक्षा केंद्र 114
संवेदनशील केंद्र 19
परीक्षार्थी 74359
जोन 07
सेक्टर 20
सचल दस्ता 06
कक्ष निरीक्षक 4424
इनसेट
परीक्षा केंद्रों पर एक नजर
राजकीय कॉलेज 09
सहायता प्राप्त 33
वित्तविहीन 72
इनसेट
जिले में परीक्षार्थियों की संख्या
कक्षा बालक बालिका कुल
हाईस्कूल 21,967 21,208 43,175
इंटर 15,093 16,091 31,184
पहली पाली में पांच तो दूसरी पाली में 95 केंद्रों पर परीक्षा
यूपी बोर्ड की परीक्षा भले ही गुरुवार से शुरू हो जाएगी, लेकिन पहले और दूसरे दिन बहुत ज्यादा दबाव नहीं रहेगा। गुरुवार को पहली पाली में सुबह 8 से 11.15 बजे तक हाईस्कूल की संगीत गायन, इंटर की काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प, सिलाई, दूसरी पाली में दोपहर 2 से 5.15 बजे तक इंटर की मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र, तर्कशास्त्र की परीक्षा होगी।
पहली पाली में सिर्फ पांच सेंटरों और दूसरी पाली में 95 सेंटरों में परीक्षा होनी है। यही हाल दूसरे दिन शुक्रवार को भी रहेगा। इन विषयों में ज्यादा बच्चे भी नहीं हैं। प्रमुख विषयों की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होंगी, जिसके तहत जिले के सभी 114 परीक्षा केंद्रों में एग्जाम होंगे।
यूपी बोर्ड एग्जाम को लेकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सीसीटीवी कैमरे के साथ वायस रेकार्डर की व्यवस्था हो जाने से नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाने में सहूलियत रहेगी। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही हर रोज सचल दस्ते भी ज्यादा से ज्यादा परीक्षा केंद्रों में छापेमारी करेंगे।
-डॉ. चंद्रशेखर मालवीय, डीआईओएस।