नहीं थम रही बिजली कटौती, गर्मी से बेहाल लोग
रायबरेली। जून में गर्मी अपने चरम पर है, तो दूसरी ओर बिजली आपूर्ति भी दगा दे रही है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जबरदस्त कटौती हो रही है।
इससे लोगों की रातों की नींद हराम है। पिछले दो दिन से शहर में दो तो गांवों में तीन घंटे की आपात कटौती की जा रही है। इससे लोग रतजगा करने को मजबूर हैं।
शहर से लेकर गांव तक कोई भी ऐसा फीडर नहीं जो सात से आठ घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति कर सके। पंगु हुई बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए न तो शासन का ध्यान इस ओर जा रहा, न पावर कॉर्पोरेशन कोई पहल कर रहा है। इससे लोगों में जबरदस्त नाराजगी है।
जिले में 40 साल पुराने जर्जर ढांचे से चार लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति हो रही है। बीच में सुधार के नाम पर कई योजनाएं आईं और करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए गए, लेकिन लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
दिनभर बिजली आने-जाने का सिलसिला लगा रहता है। बुधवार की रात शहर में 11 बजे से 12 बजे तक तो गुरुवार को 10 बजे से 11 बजे तक कटौती हुई।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिदिन तीन घंटे की आपात कटौती की जा रही है। कभी 10 बजे तो कभी 11 बजे रात में बिजली गुल हो जाती है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन और रात बिजली आने-जाने का सिलसिला लगा रहता है।