विरोध के बीच शहर में 8 अवैध भवन सील
रायबरेली। शहर में मानकों को ताक पर रख कर बने आठ अवैध भवनों को रायबरेली विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने शनिवार को सील कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान आरडीए की टीमों को लोगों के भारी विरोध का सामना भी करना पड़ा। आरडीए की दो टीमों ने अलग-अलग मोहल्लों में सीलिंग की कार्रवाई करते हुए भवनों को कोतवाली व मिल एरिया पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया है।
डीएम व आरडीए के उपाध्यक्ष संजय कुमार खत्री के निर्देश पर शनिवार को प्राधिकरण के जेई रबीश अग्रवाल की टीम ने महराजगंज रोड स्थित अंजनी वर्मा, तेलिया कोट स्थित मो. इस्माइल, किसुनपुर स्थित डीएल मौर्या, जहानाबाद चौकी के पास स्थित आरएस बाजपेयी, हनुमंतपुरम स्थित वीरेंद्र सिंह व कांशीराम कॉलोनी रोड स्थित अनिल पाठक के निर्माण को सील कर दिया।
सीलिंग की कार्रवाई के दौरान टीम को लोगों के भारी विरोध का सामना भी करना पड़ा। उधर, आरडीए के जेई सुनील त्यागी व पीसी श्रीवास्तव की टीम ने शहर के तिलक नगर स्थित प्रतिभा सिंह व सिद्धार्थ नगर स्थित एडवोकेट ज्योति किरन के अवैध निर्माण को भी सील किया।
सीलिंग के बाद भवनों को पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया गया है। आरडीए के अधिशासी अभियंता एके राय ने बताया कि डीएम ने 37 और अवैध निर्माण को सील करने के आदेश दिए हैं। अभियान चलाकर इन भवनों को भी सील किया जाएगा।