रायबरेली-फैजाबाद राजमार्ग पर ट्रिपलिंग में हादसा, दो की मौत
अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक प्लाई फैक्ट्री के तीन श्रमिकोें को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा रायबरेली-फैजाबाद राजमार्ग पर शाम को उस समय हुआ, जब तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर का सामान खरीदकर फैक्ट्री जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
मिल एरिया थाने के पीछे इंडिया वुड क्राफ्ट प्लाई फैक्ट्री है। जिसमें शहर के अहियारायपुर निवासी पीयूष (28) पुत्र सुरेंद्र मोहन शर्मा, उड़ीसा प्रांत के बहेरा निवासी अजीत (29) पुत्र पटरू और यहीं का रहने वाला प्रभात नाईक उर्फ अमित (26) पुत्र पितंबर नाइक मजदूरी करते थे। सभी फैक्ट्री परिसर में रहते थे। तीनों बुधवार शाम रायबरेली शहर से घर का सामान खरीदने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर फैक्ट्री की तरफ जा रहे थे, जबकि ट्रक अमावां से रायबरेली शहर की ओर जा रहा था।
रायबरेली-फैजाबाद राजमार्ग स्थित बिरला सीमेंट फैक्ट्री के पास ट्रक ने बाइक सवार तीन श्रमिकों को टक्कर मार दी। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों व पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने पीयूष और अजीत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल प्रभात को भर्ती कराया गया है। कार्यवाहक थानेदार मुकेश बाबू का कहना है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।