प्रचार सामग्री का लेखाजोखा
प्रस्तुत करें प्रिटिंग प्रेस संचालक
महराजगंज (रायबरेली)। निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रचार सामग्री को लेकर अंधाधुंध खर्चा करने का मंसूबा पालने वालों पर नकेल कसने की पूरी तैयारी कर ली गई है। एसडीएम आरपी तिवारी ने तहसील क्षेत्र के सभी प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को प्रत्याशियों के प्रचार सामग्री का लेखा जोखा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने नोटिस जारी करप्रिंटिंग प्रेस संचालकों से कहा है कि जो भी प्रचार सामग्री वह छाप रहे हैं। इसकी लिखित जानकारी दे, कि किस प्रत्याशी का कितनी सामग्री छपवाई है और उसका मूल्य कितना लिया गया है। प्रत्याशियों से भी कहा गया है कि वह यह जानकारी दें कि वह कितनी प्रचार सामग्री प्रयोग में लाए और कहां-कहां से इन्हें छपवाया या खरीद कर लाया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनकी जांच कराई जा सके। एसडीएम ने यह भी चेतावनी दी कि शीघ्र ही यह जानकारी निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराएं। चुनाव आयोग का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।