वृद्ध व किशोरों को आसानी
से मिलेगी कानूनी सहायता : प्रभारी जिला जज
रायबरेली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। इसी को लेकर शुक्रवार को निराला नगर स्थित किशोर न्याय बोर्ड व मिल एरिया क्षेत्र में स्थित वृद्धाश्रम में विधिक क्लीनिक खोला गया। इसका प्राधिकरण के अध्यक्ष व प्रभारी जिला जज विनोद कुमार श्रीवास्तव ने शुभारंभ किया। उन्होंने आशा जताई कि क्लीनिक खुलने से किशोरों व वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित कानूनी सहायता मिलेगी।
प्रभारी जिला जज के किशोर न्याय बोर्ड पहुंचने पर बोर्ड की प्रधान न्यायाधीश अलंकृता शक्ति त्रिपाठी व सदस्य डॉ. निर्मला लाल, अमिता खुबेले ने स्वागत किया। प्रभारी जिला जज ने फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर क्लीनिक का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रभारी जिला जज ने बोर्ड के प्रधान न्यायाधीश से लंबित वादों व निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। प्राधिकरण के सचिव अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि प्राधिकरण लोगों के कानूनी संरक्षण के लिए लगातार काम कर रहा है। इस मौके पर अपर जिला जज विजेश कुमार, इफराक अहमद, कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अशोक कुमार, एसीजेएम लवी यादव, पारितोष श्रेष्ठ, सुमन तिवारी आदि मौजूद रहे।