बेहतर कार्य करने का लिया संकल्प
रायबरेली। जिले भर में मंगलवार को सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कहीं गोष्ठी कर उनके व्यक्तित्व पर चर्चा की गई तो कहीं राष्ट्रहित में बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया गया। किसी ने आज के दिन को एकता तो किसी ने राष्ट्रीय अखंडता दिवस के रूप में मनाया। हर किसी ने पटेल के व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
कलेक्ट्रेट के बचत भवन में डीएम समेत जनपद के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने पटेल चित्र पर माल्यार्पण किया। सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली गयी। सीएमओ कार्यालय में पटेल के जन्मदिन को राष्ट्रीय अखंडता दिवस के रूप में मनाया गया। वहीं सीएचसी और पीएचसी में सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों ने आज के दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हुए हर रोज देशहित में काम करने का संकल्प लिया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. डीके सिंह समेत सभी डॉक्टर व कर्मचारी मौजूद रहे।
देश के प्रथम गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती को एकता दिवस के रूप में मनाते हुए मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र पटेल ने बस स्टेशन चौराहा स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र पटेल ने कहा कि लौह पुरुष ने नागरिकों के मौलिक अधिकारों की लड़ाई लड़ी। संविदा में पिछड़े वर्ग का आरक्षण उन्हीं की देन है। इस अवसर पर फहीम अहमद, नदीम कासिम, आनंद यादव, चेतराम यादव आदि ने पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। समाजवादी लोहियावाहिनी की बैठक जिलाध्यक्ष साहिल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सरदार बल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष साहिल ने कहा कि सभी नौजवानों को पटेल के बताए रास्ते पर सभी को चलना चाहिए। इस अवसर पर राजन रस्तोगी, मान सिंह पटेल, धर्मेन्द्र दरियाबादी आदि मौजद रहे।
नेहरू युवा केंद्र की ओर से अमावां ब्लॉक के बिशुना शिक्षा सदन कॉलेज में आयोजित संगोष्ठी का दीप जलाकर शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक अंकुर गुप्ता ने कहा की सरदार वल्लभ भाई के अंदर बचपन से ही राष्ट्रभक्ति की भावना थी। प्रधानाचार्य बलबेन्द्र सिंह ने कहा की हम सभी को यह संकल्प लेना होगा की हम अपने देश और समाज के लिए बेहतर कार्य करें। इस मौके पर शरद चंद्र तिवारी, संदीप कनौजिया, ज्योति मौर्या आदि मौजूद रहे। कुर्मी समाज की ओर से बस स्टेशन चौराहे पर पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। समाज के अध्यक्ष भारतलाल वर्मा, डॉ. रामबहादुर वर्मा ने कहा कि पटेल ने सर्व समाज को आगे बढ़ाया। इस मौके पर सुरेंद्र चौधरी, संतोष चौधरी, बृजकिशोर, जेपी पटेल मौजूद रहे। अपना दल ने भी कार्यालय परिसर में पटेल की जयंती मनाई। जिलाध्यक्ष दल बहादुर पटेल, मानसिंह पटेल, मोबीन आदि ने उनके बताए हुए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। एफडीडीआई फुरसतगंज की ओर से रैली निकाली गई। एफडीडीआई के कार्यकारी निदेशक विकास वर्मा ने हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर सभी लोगों ने पटेल के व्यक्तित्व पर चर्चा की। उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से पटेल की जयंती पर पैदल मार्च किया और सभी को एकजुट होने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर प्राधिकरण के प्रभारी एसके राय, लक्ष्कीकांत शुक्ला, अशोक सोनकर आदि मौजूद रहे।
जिला खेल कार्यालय की ओर से बालक-बालिकाओं का रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार, शशिकांत राय, शिव प्रताप यादव, लीना सिंह आदि मौजूद रहे। बस स्टेशन चौराहे पर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष समरजीत सिंह, कैलाश विश्वकर्मा, अशोक अग्रहरि ने भी पटेल को याद किया। 66 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से पटेल के जन्मदिवस पर रैली निकाली गई। राजकीय इंटर कॉलेज से निकली रैली के दौरान सभी से देश की अखंडता बनाए रखने का संकल्प जताया। सभी ने देश की एकता को बनाए रखने का संकल्प जताया। इस मौके पर पीपी सिंह, उमेश शंकर पांडेय, हरीओम त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के अनुसार रोहनियां ब्लॉक के कमालपुर गांव में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व मंत्री ने पटेल को आधुनिक भारत का जनक बताया। कहा कि देश की अखंडता के लिए सरदार पटेल का योगदान सराहनीय रहा। पूर्व मंत्री ने सराहनीय समाज सेवा के लिए क्षेत्र के 100 से अधिक लोगों को सम्मानित किया। समारोह को मान सिंह पटेल, मुन्ना यादव, सुरेश पटेल, पीताम्बर पटेल ने भी संबोधित किया। बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक सेहंगो गांव में सरदार वल्लभ भाई पटेल महाविद्यालय में पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यालय के प्रबंधक अमर सिंह चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ही भारत के वर्तमान परिदृश्य के जनक हैं। क्षेत्रीय भाजपा विधायक रामनरेश रावत ने भी सरदार पटेल की जयंती पर उन्हें याद किया। दयानंद पीजी कॉलेज बछरावां में प्राचार्य डॉ. रामनरेश, बछरावां के थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।