कटौती से भड़के किसानों ने विद्युत उपकेंद्र घेरा
रायबरेली। जबरदस्त विद्युत कटौती और लो-वोल्टेज से परेशान किसानों ने सोमवार को विद्युत उपकेंद्र सरेनी का घेराव कर दिया। पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे एसडीओ ने किसानों को एक सप्ताह के अंदर समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था जल्द पटरी पर नहीं आई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या और कई दिनों से जबरदस्त विद्युत कटौती से जूझ रहे किसानों का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। आक्रोशित तमाम किसानों ने किसान नेता शशिकांत तिवारी की अगुवाई में विद्युत उपकेंद्र सरेनी का घेराव कर दिया। उपकेंद्र पर ही धरना देकर बैठ गए और पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कहा कि जब तक विद्युत व्यवस्था पटरी पर नहीं आएगी, धरना-प्रदर्शन चलता रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भरपूर बिजली नहीं मिलने से धान की फसल सूखने की कगार पर है। हर बार पावर कॉर्पोरेशन के अभियंता केवल आश्वासन देते हैं, लेकिन हकीकत में कुछ नहीं होता है।
किसान सुरेशचंद्र तिवारी, उमाशंकर त्रिवेदी, रामविलाश सिंह ने कहा कि महज 8 से 10 घंटे ही बिजली मिल रही है। लो-वोल्टेज की समस्या होने के चलते नलकूपनहीं चल पा रहे हैं। धान की फसल पानी बिना सूख रही है। इस समस्या से कई बार अफसरों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बीते कई दिनों से हो रही जबरदस्त कटौती से सरेनी क्षेत्र की डेढ़ लाख आबादी समेत पूरे जिले के लोग बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। इस दौरान काफी देर तक हो-हल्ला रहा। बिजली अफसरों को खूब कोसा गया। उपकेंद्र घेराव की जानकारी होने पर लालगंज एसडीओ रोहित सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। किसानों ने समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि यदि समस्याएं दूर नहीं हुई आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सचिन तिवारी, शिवेंद्र पासवान, विजय सिंह, प्रहलाद सिंह आदि मौजूद रहे।