895 बीपीएल व 193 एपीएल को दिए विद्युत कनेक्शन
रायबरेली। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से रविवार को उपखंड कार्यालयों और विद्युत उपकेंद्रों में सुगम संयोजन योजना के तहत कैंप लगाए गए। इसमें बीपीएल परिवारों को मुफ्त कनेक्शन दिए गए। सबसे ज्यादा कनेक्शन लालगंज उपखंड कार्यालय में वितरित किए गए। यहां पर 570 लोगों को कनेक्शन दिया गया। इसी तरह वितरण खंड प्रथम में 267 बीपीएल परिवार और 84 एपीएल लाभार्थियों को कनेक्शन वितरण किया गया। वितरण खंड द्वितीय में महज 58 बीपीएल और 109 एपीएल कार्डधारकों को कनेक्शन दिए गए। एपीएल कार्डधारकों को किश्त में रकम लेकर कनेक्शन दिए जा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता पंकज श्रीवास्तव ने सुपर मार्केट में लगे कैंप में लाभार्थियों को कनेक्शन के दस्तावेज सौंपे। उन्होंने बताया कि सभी जगह 895 बीपीएल और 193 एपीएल परिवारों को कनेक्शन दिए गए।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि सुगम संयोजन योजना के तहत बीपीएल परिवारों को मुफ्त में कनेक्शन दिया जाना है। उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए मेंगा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में कनेक्शन नहीं लेने वाले बीपीएल परिवार बाद में किसी भी दिन उपखंड कार्यालय या डिवीजन कार्यालय में जाकर कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। बीपीएल परिवारों को कनेक्शन के साथ केबल, मीटर भी दिया जा रहा है। वितरण प्रथम के एक्सईएन अशोक कुमार की देखरेख में बछरावां और महराजगंज में कैंप लगाया गया। इसी तरह द्वितीय के अधिशासी अभियंता विवेक खन्ना ने सलोन और ऊंचाहार में लगे कैंप का निरीक्षण किया। सभी जगह एलईडी बल्ब, ट्यूब लाइट, पंखे भी वितरित किये गये।
सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्रीय विधायक दल बहादुर कोरी ने एक फॉर्म भरकर शिविर को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार गरीब व अमीर की खाई को कम करने का प्रयास कर रही है। जेई अरविंद सिंह ने बताया कि योजना के तहत बीपीएल कार्ड धारकों को मुफ्त विद्युत कनेक्शन दिया गया। कैंप में सस्ती दरों पर ऊर्जा बचत एलईडी बल्ब का भी वितरण किया गया। एसडीओ प्रशांत गुप्ता ने बताया कि विद्युत कनेक्शन के लिए 27 लोगों ने आवेदन किए हैं। बछरावां प्रतिनिधि के अनुसार बछरावां में कैंप का शुभारंभ भाजपा विधायक रामनरेश रावत ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार सबका साथ सबका विकास की सोच पर कार्य कर रही है। यहां पर 25 बीपीएल परिवारों को कनेक्शन दिए गए। इस मौके पर अवर अभियंता एमए मंसूरी, हरीकृष्ण पांडे, वीरेंद्र गौतम, शरद सिंह, विद्यासागर अवस्थी आदि मौजूद रहे।