ट्रक ने तोड़ा सवैयाधनी रेल क्रॉसिंग का गेट
जंजीर बांधकर कॉसन के जरिये ट्रनों को पास कराया, रिपोर्ट होगी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहनियां (रायबरेली)। ऊंचाहार तहसील क्षेत्र में सवैयाधनी रेल क्रॉसिंग गेट को बंद करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे गेट टूट गया। रविवार को यह घटना उस समय हुई, जब ट्रेन आने का समय होने पर गेटमैन गेट बंद कर रहा था। गेट टूट जाने के बाद आने वाली ट्रेनों को जंजीर बांधकर कॉसन के जरिये निकाला गया। कई घंटे बाद रेल कर्मियों ने गेट को ठीक कर ट्रेनों का संचालन बहाल कराया।
ऊंचाहार-उन्नाव रेलमार्ग पर सवैया धनी गांव के पास रेलवे की क्रॉसिंग संख्या वन ए स्थित है। सुबह गेट में तैनात गेटमैन रामसिंह गंगा गोमती एक्सप्रेस ट्रेन को पास कराने के लिए गेट बंद कर रहा था। तभी ऊंचाहार की ओर जा रहे ट्रक ने गेट में टक्कर मार दी, जिससे गेट टूट गया। रेल कर्मचारी वाहन रोकने का प्रयास करते रहे और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बाद वहां से मिले निर्देश पर गेटमैन ने सड़क पर जंजीर बांधकर कॉसन के जरिये ट्रेन को पास कराया और इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक को दी। सूचना के बाद रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और और गेट को ठीक किया। गेट ठीक होने के बाद ट्रेनों का संचालन सुचारुरूप बहाल हो गया। स्टेशन अधीक्षक जवाहरलाल ने बताया कि सुबह अज्ञात ट्रक की टक्कर से गेट टूट गया था। सूचना मिलने के बाद रेलकर्मियों को भेजकर गेट ठीक करा दिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।