रायबरेली। यूरिया की कालाबाजारी रोकने के लिए शनिवार को कृषि विभाग टीमों ने ताबड़तोड़ छापा मारा। इस दौरान किसी दुकानदार ने दस्तावेज पूर्ण नहीं किए थे तो किसी दुकानदार ने दुकानें ही बंद रखी थी। इस पर 14 दुकानें निलंबित कर दी गई। साथ ही 56 दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई। विभागीय अधिकारी की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।
जिले के नोडल अधिकारी एवं अपर कृषि निदेशक प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश लखनऊ ने आरबी सिंह ने पीसीएफ के बफर में भंडारित यूरिया के बारे में जानकारी ली। साथ ही थोक विक्रेताओं के द्वारा भंडारित बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला कृषि अधिकारी रविचंद्र प्रकाश, जिला कृषि रक्षा अधिकारी अरुण कुमार त्रिपाठी, भूमि संरक्षण अधिकारी विनय सिंह ने ऊंचाहार, सदर, लालगंज और डलमऊ तहसील क्षेत्रों की दुकानों पर छापा मारा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कुल 162 दुुकानों पर तलाशी ली। इसमें मनमानी बरते जाने पर 14 दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। 56 दुकानदारों को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है। यूरिया की कालाबाजारी कतई न की जाए। यदि ऐसा कोई दुकानदार करेगा तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।