फुरसतगंज (रायबरेली)। थाने से महज 200 मीटर दूर गुरुवार रात चोर हाईवे स्थित दुकान के बाहर रखी 20 क्विंटल सरिया उठा ले गए। चोरी गई सरिया की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पूरे रानी मजरे भदइया महमूदपुर निवासी विजय कुमार पुत्र बिंदादीन की रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर उसरहा बाबा चौराहा पर मौरंग-बालू-सीमेंट की दुकान है।
विजय रात में दुकान में ही सोता था। रात में अपनी मां के बीमार होने की खबर पाने के बाद घर चला गया था। सुबह आकर देखा तो लगभग 20 क्विंटल सरिया गायब थी।
पीड़ित का कहना है कि प्रकरण की शिकायत थाने में एक दरोगा से की तो उसने अभद्रता की। एसओ भरत उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।