रायबरेली। आरडीए की ओर से शहर के बरखापुर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 500 फ्लैटों का काम शुरू कराने के लिए प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है।
शहरी गरीबों का डूडा के माध्यम से चयन किया जाएगा। गरीबों को जागरूक करने व योजना के संबंध में विविध जानकारियां देने के लिए 16 जुलाई को फिरोज गांधी सभागार में कार्यशाला होगी।
अब तक दो सौ से अधिक लाभार्थियों के चयन का काम पूरा भी हो चुका है। आरडीए ने जमीन भी किसानों से क्रय कर ली है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रायबरेली विकास प्राधिकरण बरखापुर में 500 फ्लैट बनवाने जा रहा है। इसके लिए लेआउट के साथ ही डीपीआर भी तैयार हो चुका है।
जल्द ही फ्लैटों के निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा। बरखापुर में डूडा से चयनित गरीबों को ही फ्लैट मुहैया कराए जाएंगे। इसके लिए 16 जुलाई को कार्यशाला बुलाई गई है।
फिरोज गांधी सभागार में यह कार्यक्रम होगा। आरडीए के सचिव एसके राय ने बताया कि कार्यशाला में डीएम लाभार्थियों को संबोधित करेंगे।
विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है, जिसके माध्यम से लाभार्थियों को फ्लैटों के बारे में जागरूक करने के साथ ही ऋण सुविधा का लाभ भी दिलाया जाएगा।