सलोन से अमेठी के लिए बस सेवा शुरू
सलोन (रायबरेली)। अमेठी मुख्यालय तक पहुंचने की राह प्रदेश की योगी सरकार ने आसान कर दी है। मंगलवार से सलोन से अमेठी के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई। क्षेत्रीय विधायक दल बहादुर कोरी ने कस्बा स्थित परशदेपुर रोड से बस को हरी झंडी दिखाकर अमेठी के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के तहत क्षेत्र का चौमुखी विकास होगा। विकास कार्य तेजी से कराए जाएंगे। विधायक बनने के बाद लोगों ने उनसे सलोन अमेठी बस चलवाने की मांग की थी। बस सेवा शुरू होने से लोगों को लाभ मिलेगा। एआरएम आरपी सिंह ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे बस सलोन से रवाना होकर छतोह होते हुए अमेठी 11.30 बजे पहुंचेगी। अमेठी से शाम पांच बजे से चलकर सलोन शाम सात बजे पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि सलोन से परशदेपुर, छतोह, अमेठी वाया मुंशीगंज पहुंचेगी। इस मौके पर भाजपा ब्लाक अध्यक्ष रामकुमार, अंजनी साहू, बृजेश शुक्ला मौजूद रहे।