प्रवर्तन दल ने तीन जगह पकड़ी बिजली चोरी
रायबरेली। लखनऊ जोन की प्रवर्तन दल की टीम ने मंगलवार को जिले में तीन जगह बिजली चोरी पकड़ी। एक जगह चोरी की बिजली से आटा चक्की चलती मिली। संचालक के खिलाफ जगतपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। लखनऊ जोन प्रवर्तन दल के प्रभारी सुरेंद्र सिंह यादव और अवर अभियंता राजीव यादव ने संयुक्त रूप से कुचरिया गांव के लाल स्वयंबर के यहां छापेमारी की। इनके यहां पर परचून की दुकान, वियरबार में दो किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी गई। बेलाटेकाई गांव के लक्ष्मेंद्र त्रिवेदी के यशी ब्रिक फील्ड में तीन किलोवाट का कनेक्शन हैं, लेकिन मीटर बाईपास कर बिजली चोरी हो रही थी। इसके बाद टीम इस्माइलमऊ गांव निवासी अशोक कुमार के कारखाने में छापेमारी की। इसके ऊपर ढाई लाख रुपया बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया था, लेकिन चोरी से केबल जोड़कर कारखाना चलता पाया गया। कारखाना संचालक अशोक कुमार के खिलाफ जगतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। टीम के साथ कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, संतराम, सब इस्पेक्टर सुरेश कुमार मौजूद रहे। ब्यूरो