दुर्घटना में युवक की मौत, दो घायल
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे चंदी मजरे मूसापुर गांव निवासी शिवकुमार (23) पुत्र रमेश सुबह भाई को लेने बाइक से रेलवे स्टेशन आ रहा था। लालगंज-फतेहपुर मार्ग पर स्थित दोसड़का बाजार के निकट सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के अहमदपुरचेहटा गांव निवासी पिंटू पुत्र रामगुलाम व राजेश पुत्र महेश बाइक से जा रहे थे। दोनों नशे में धुत थे। सहजौरा के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों गिरकर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी लाया गया। जहां पिंटू की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।