सांसद का पुतला फूंक जताया विरोध
रायबरेली। सांसद एवं सपा नेता नरेश अग्रवाल की ओर से हिंदू देवी-देवताओं पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिला अस्पताल चौराहे पर नरेश अग्रवाल का पुतला फूंककर गुस्से का इजहार किया। सभी ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की मांग की।
जिला प्रभारी मनभावन शर्मा ने कहा कि नरेश अग्रवाल की अभद्र टिप्पणी यह स्पष्ट करती है कि यह समाजवादी पार्टी हिंदू विरोधी है। उत्तर प्रदेश में सत्ता गंवाने के बाद यह सब अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और किसी भी तरह से ये प्रदेश में अराजकता फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी पर नरेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए नहीं तो आंदोलन चलाया जाएगा और नरेश के रोज पुतले फूंके जाएंगे। मौसम शुक्ला, रत्नेश, बृजेश अग्रहरि ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी ने केंद्र सरकार से नरेश को संसद की सदस्यता से बर्खास्त किए जाने की मांग की।