बहुत हुआ अब चूल्हा-चौका, लड़कियों को दो पढ़ने का मौका
रायबरेली-खीरों। हरचंदपुर और खीरों ब्लॉक क्षेत्र में सोमवार को स्कूल रैली निकाली गई। इसमें बच्चों ने विद्यालय नहीं जाने वाले बच्चों के अभिभावकों से उनको स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। हरचंदपुर ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शोरा में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए सोमवार को स्कूल चलो रैली निकाली गई। इसमें विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली में सुनील कुमार ने कहा कि- बहुत हुआ अब चूल्हा चौका, लड़कियों को दो पढ़ने का मौका। शिक्षा ऐसी सीढ़ी है, जिससे चलती पीढ़ी है। रैली गांव में घूमी और अभिभावकों को बच्चों स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर शिक्षक आराधना सिंह, समरीन बानो, रश्मि यादव ने भी नारे लगाए। शिक्षकों ने कहा कि हम बच्चों का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है। शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों का नामांकन कराने पर जोर दिया।
उधर, खीरों ब्लॉक के जनता इंटर कॉलेज पाहो के शिक्षकों और बच्चों ने एक रैली निकाली गई। यह रैली विद्यालय से आरंभ होकर पाहो गांव के सभी मुहल्लों में घूमती हुई वापस विद्यालय पहुंची। इस दौरान बच्चों ने अनेक नारों और स्लोगन के माध्यम से ग्रामीण अभिभावकों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक रामराज सिंह, प्रधानाचार्य एसबी सिंह, शिक्षक अमरबल यादव, एमपी सिंह, संतोष पांडेय, भीखा आदि मौजूद रहे।