बारिश से सड़कें बनीं तालाब
रायबरेली। जिले में सोमवार को शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से सड़कें तालाब बन गईं। पानी निकासी के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए। इससे लोगों में नाराजगी रही। जिला अस्पताल परिसर, कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइंस, जिला अस्पताल रोड में जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। शहर के राना नगर, इंदिरा नगर, आचार्य द्विवेदी नगर, कहारों का अड्डा, किला बाजार, बरखापुर आदि मोहल्लों की गलियों में पानी भर गया। लोगों के घर तक पानी भरा होने से उन्हें निकलने में परेशानी झेलनी पड़ी। पानी निकासी के लिए नगर पालिका के अफसरों की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। इसके अलावा देहात क्षेत्रों में महराजगंज, सलोन, मुंशीगंज, बछरावां, हरचंदपुर आदि कस्बों में भी जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ब्यूरो