रायबरेली। आईजीआरएस पर होने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं हो पा रहा है। चुनाव शुरू होने के बाद तो स्थिति और खराब हो गई है।
जिले के आठ ब्लॉकों में 24 शिकायतें डिफाल्टर हो गई हैं। अधिकारी समय से इनका निपटारा नहीं कर रहे हैं। समीक्षा में मनमानी मिलने के बाद सीडीओ ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने के आदेश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ऑनलाइन शिकायतों का तय समय में निस्तारण तय है। ऐसा न किए जाने पर शिकायतें डिफाल्टर हो जाती हैं। सरकार की मंशा है कि समय से शिकायतों का निपटारा किया जाए, जिससे वे डिफाल्टर की श्रेणी में न आ सकें।
बार-बार निर्देश के बाद भी अधिकारी शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं कर पा रहे हैं। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद तो शिकायतों का निस्तारण और ही थम गया है।
सीडीओ ने समीक्षा की तो आठ ब्लॉकों की 24 ऐसी शिकायतें मिलीं, जिनका समय से निस्तारण न होने के कारण वे डिफाल्टर हो चुकी हैं।
मामले में गंभीर रुख अपनाते हुए सीडीओ ने सरेनी, सतांव, डलमऊ, सलोन, अमावां, गौरा, छतोह और लालगंज के खंड विकास अधिकारियों को नोटिस देकर तत्काल डिफाल्टर शिकायतों का निस्तारण करने के आदेश दिए है। सीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि समय से शिकायतों का निपटारा न किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।