रायबरेली। वाराणसी-लखनऊ वाया सुल्तानपुर रेलमार्ग पर कोयला लदी मालगाड़ी का एक डिब्बा सोमवार देर रात डिरेल हो गया। इससे करीब डेढ़ किमी. का ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है।
इससे कई ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा। हादसे के कारण दो गाड़ियों को निरस्त कर दिया गया। जबकि सुपरफास्ट गाड़ियाें को दूसरी लाइन से कॉशन देकर निकाला गया।
लंबी दूरी की कई मेल गाड़ियों को दूसरे रूट से रवाना किया गया। मंगलवार देर रात तक अप लाइन दुरुस्त नहीं हो सकी थी, जिससे डाउन लाइन के सहारे गाड़ियां निकाली जा रही हैं। उधर, मंडल रेल प्रबंधक ने भी निरीक्षण किया और ट्रैक दुरुस्त कर आवागमन जल्द बहाल करने की बात कही।
वाराणसी-लखनऊ वाया सुल्तानपुर रेल खंड पर अमेठी जिले के अंतर्गत आने वाले अकबरगंज रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात कोयला लदी 58 डिब्बों वाली मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया।
बताते हैं कि गाड़ी अकबरगंज रेलवे स्टेशन को क्रॉस कर रही थी, तभी ट्रैक पर चिंगारी एवं तेज आवाज सुनकर स्टेशन मास्टर एसके सरोज ने वॉकी-टॉकी के जरिये मालगाड़ी के चालक और गार्ड से संपर्क किया।
चालक ने मालगाड़ी रोका, लेकिन तब तक एक डिब्बा पलट गया। करीब डेढ़ किलोमीटर तक डिब्बे का पहिया घिसटता रहा, जिससे ट्रैक का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
हादसे की सूचना पाकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। आननफानन कई गाड़ियों का रूट बदला गया। देर रात ही ट्रैक की मरम्मत शुरू करा दी गई लेकिन मंगलवार देर शाम तक ट्रैक पूरी तरह बहाल नहीं हो सका था।
डीआरएम ने लिया मौके का जायजा
सूचना मिलते ही मंगलवार को उत्तर रेलवे लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक सतीश कुमार भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए क्षतिग्रस्त ट्रैक एवं पलटे हुए डिब्बे को देखा।
घटना के बाद स्थानीय अधिकारियों के साथ ही लखनऊ से आई टीम ने भी मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। डीआरएम ने जल्द ट्रैक दुरुस्त कर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त डिब्बे को ट्रैक से हटाकर शीघ्र ही आवागमन बहाल किया जाएगा।
फैजाबाद होकर निकाली गईं कई ट्रेनें
मालगाड़ी का डिब्बा पलट जाने से आवागमन बाधित हो गया है। अप लाउन पूरी तरह ठप है, जबकि कुछ महत्वपूर्ण गाड़ियां डाउन लाइन से धीमी रफ्तार से निकाली गईं।
इनमें सुपरफास्ट ट्रेनें फरक्का एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस, चहलदेव एक्सप्रेस शामिल हैं। अकबरगंज रेलवे स्टेशन के अधीक्षक रामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर चलने वाली मेल एवं एक्सप्रेस गाड़ियों को डाउन लाइन से काशन के सहारे निकाला जा रहा है।
लेकिन लखनऊ-सुल्तानपुर मेमो और वाराणसी से कानपुर जाने वाली वरुणा एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा कुछ गाड़ियों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। ये गाड़ियां फैजाबाद से होकर चलाई गईं।