रायबरेली। स्कूलों में मनमाने तरीके से संचालित वाहनों पर शिकंजा कसा गया है। एआरटीओ (प्रवर्तन) संदीप कुमार जायसवाल ने सभी वाहनों पर चालकों के मोबाइल नंबरों के साथ ही परमिट और फिटनेस की वैधता को भी लिखाने के आदेश दिए हैं।
ऐसा न करने पर चेकिंग के दौरान वाहन पकड़े जाने पर सीज करने की चेतावनी दी है। साथ ही वाहनों को फिटनेस प्रमाणपत्र भी नहीं दिया जाएगा।
पिछले सप्ताह एआरटीओ (प्रवर्तन) ने शहर के करीब 22 स्कूली वाहनों को चेक करके सभी का चालान कर दिया था। इसमें तीन वाहनों को सीज भी किया गया था।
स्कूलों के मानकों के साथ ही अन्य औपचारिकताओं को भी वाहन पूरे नहीं कर रहे थे। मामले में एआरटीओ (प्रवर्तन) ने सभी स्कूलों के संचालकों को वाहनों को मानकों के अनुरूप करने के आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि वाहनों पर चालक का मोबाइल नंबर जरूर लिखा जाए। इसके अलावा फिटनेस और परमिट की वैधता भी वाहन पर ही लिखी जाए।
इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। एआरटीओ (प्रवर्तन) संदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि स्कूलों के संचालकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। इसके बाद अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।