नौटंकी देखकर घर जा रहे सुरक्षा गार्ड को राड से पीटकर मार डाला
सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात नौटंकी देखकर लौट रहे एक अधेड़ की राड से पीटकर नृशंस हत्या कर दी गई। सुबह सड़क किनारे उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से दहशत फैल गई।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर शराब, कोल्डड्रिंक व बियर की बोतल मिलीं हैं। उधर, सूचना पर एएसपी शशिशेखर सिंह, कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय ने जायजा लिया।
फॉरेंसिक टीम प्रभारी डॉ. प्रतिभा तिवारी ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पारिवारिक विवाद में घटना को अंजाम देने की वजह सामने आ रही है।
मृतक के पहले दामाद और अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक मुुंबई में प्राइवेट सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था।
घटना के खुलासे के लिए स्वॉट टीम को भी लगाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मृतक की बेटी समेत अन्य कई करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सलोन के मटका गांव निवासी बब्बन अली (57) मुंबई में प्राइवेट सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। अभी हाल में ही वह गांव आया था।
शनिवार को बब्बन अली पूरे गजई निवासी शिवकुमार के बेटे की तिलक में नौटंकी देखने गया था। लगभग एक बजे तक ग्रामीणों ने उसे नौटंकी कार्यक्रम में देखा था।
इसके बाद बब्बन घर की ओर रवाना हो गया। इसी बीच पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने सलोन-जगतपुर मार्ग स्थित गजई का पुरवा गांव वाले मोड़ के समीप बब्बन के सिर पर लोहे की राड से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
हमलावरों ने जाते जाते घटना में प्रयुक्त औजार घटनास्थल पर ही फेंककर फरार हो गए। सुबह पांच बजे ग्रामीण जब नित्यक्रिया को निकले तो सड़क पर खून से लथपथ शव देखकर सन्न रह गए।
ग्रामीणों की सूचना पर अफसरों के साथ परिवारीजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त बब्बन के रूप में की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस को घटना स्थल से शराब के अलावा कोल्ड ड्रिंक की बोतलें मिलीं हैं। साथ ही एक टूटा हुआ सिम कार्ड बरामद हुआ, जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया।
कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय ने बताया कि मृतक बब्बन अली के पुत्र वाहिद अली ने अपनी बहन के पहले पति मो. यसीन और अज्ञात कई आरोपियों के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज कराया है।
वारदात की जांच कराई जा रही है। एसपी सुजाता सिंह ने बताया कि बब्बन अली हत्याकांड में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
पारिवारिक विवाद में मर्डर किए जाने की बात सामने आ रही है। इसमें करीबियों का हाथ हो सकता है। जांच चल रही है। जल्द घटना में शामिल आरोपी जेल में होंगे।