दो लाख से अधिक कैश मिला तो जब्त होगा
रायबरेली। बचत भवन में बृहस्पतिवार को डीएम और एसपी ने फ्लाइंग स्क्वायड के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम संजय कुमार खत्री ने कहा कि फ्लाइंग स्क्वायड को पर्याप्त पुलिस बल मिलेगा। कहीं भी किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराएं। बिना कागजात के दो लाख से अधिक कैश मिले तो उसे जब्त किया जाए।
डीएम ने कहा कि मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की सहायता से संदिग्ध वाहनों को रोक कर तलाशी करें। अवांछित वस्तुएं पाए जाने पर उसे जब्त कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। सभी चुनावी सभाओं की वीडियोग्राफी करायी जाए। उन्होंने बताया कि चुनाव के समय डेढ़ लीटर से अधिक शराब लेकर चलना प्रतिबंधित है। उन्होंने फ्लाइंग स्क्वाड को बताया कि यह भी ध्यान रखे कि प्रत्याशियों द्वारा किसी भी प्रकार का प्रलोभन मतदाताओं को न दिया जाए। एसपी ने भी फ्लाइंग स्क्वायड को सुरक्षा की पूरी व्यवस्था के लिए आश्वस्त किया। एसपी शिवहरि मीणा ने कहा कि सभी मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कोई समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।