आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुलंद की आवाज
रायबरेली। विकास भवन परिसर में गुरुवार को महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने धरना देकर प्रदर्शन किया। सभी ने लंबित मांगों को पूरा किए जाने की मांग की है। कहा कि प्रदेश सरकार वादा खिलाफी कर रही है। पांच महीने से आंगनबाड़ी कर्मचारियों का मानदेय नहीं मिला है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 12 सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिला प्रभारी राकेश कुमार शुक्ला, जिला महामंत्री सीता सिंह ने कहा कि सीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवा नियमावली बनाकर राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की गई है। प्रदेश अध्यक्ष गिरीश कुमार पांडेय, जिलाध्यक्ष लीना पांडेय, ममता चौरसिया, प्रतिभा, प्रियंका ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों को रक्षा बंधन एवं नागपंचमी तथा जन्माष्टमी को भी मानदेय नहीं दिया गया है। इससे आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा। यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस मौके पर कुसुमा त्रिवेदी, रेहाना परवीन, लक्ष्मी वर्मा, कैंसर, कुसमा सिंह, अर्चना, सरला, रचना आदि मौजूद रहे।