परशदेपुर कस्बे आने वाले सभी मार्ग किए सील
परशदेपुर (रायबरेली)। प्रशासन ने 27 जुलाई को निकलने वाली शिव बारात को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है। शिव बारात को लेकर परशदेपुर कस्बे में आने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है। साथ ही शिव बारात के रास्ते में पड़ने वाले 125 घर मालिकों को नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा 48 से अधिक लोगों के ऊपर शांति भंग कार्रवाई की गई है। कस्बे की शराब की दुकानें व प्राइवेट स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है।
परशदेपुर शिव कमेटी के लोगों ने शिव बारात में शामिल होने के लिए कस्बे से जुड़े दर्जनों गांवों के लोगों को आने के लिए आमंत्रण दिया है। यह बात जब प्रशासन को जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। एडीएम प्रशासन तिलक धारी के आदेश पर बुधवार को सलोन-जायस रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा व दूसरा योगेश्वर विद्यालय के पास बैरियर लगाकर रास्ता सील कर दिया गया है। परशदेपुर अमेठी रोड पर साकेत नगर चौराहा व महावीरन के पास बैरियर लगाया गया है। इसके अलावा कस्बे को आने वाले अटावां रोड पर सरदार के भटठा की ओर से आने वालों के लिए सभासद श्रीकांत त्रिवेदी के घर के सामने बैरीकेडिंग की गई है।
यहीं नहीं शिव बारात के रास्तों से जो भी गली निकली ह,ै उसे भी सील करवा दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस व पीएसी के जवान मौजूद रहेंगे। डीह एसओ शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि शिव बारात की सुरक्षा के लिए 05 सीओ, 16 एसओ, छह दरोगा, 36 सिपाही, 18 महिला कांस्टेबिल, दो फायर सर्विस, एक कंपनी पीएसी, पुलिस लाइंस से 25 कांस्टेबल स्पेशल के अलावा लखनऊ, हरदोई, सीतापुर जनपद की भी फोर्स मौजूद रहेगी। चौकी इंचार्ज श्रीराम पांडेय ने बताया कि बुधवार शाम से कस्बे की शराब की दुकानें बंद करने का आदेश दिया गया है और परशदेपुर कस्बे के जो भी प्राइवेट स्कूल है वे भी बंद रहेंगे। दो ड्रोन कैमरे से शिव बारात के जुलूस व लोगों की हर गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
जुलूस नहीं निकाला जाएगा : डीएम
नगर पंचायत परशदेपुर के कार्यालय परिसर में डीएम अभय सिंह और एसपी शिवहरी मीणा ने पुलिस-पीएसी जवानों के साथ बैठक की। डीएम-एसपी ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। उन्होंने कहा कि शिवबारात में कुछ लोग शामिल होंगे, जो मूर्ति स्थापना करेंगे। जुलूस निकालने पर प्रतिबंध होगा। झांकी, बैंडबाजा का प्रयोग नहीं होगा। जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। दोनों अधिकारियों ने कहा कि पुलिस जवान सतर्क रहें। कोई संदिग्ध दिखे तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। इस मौके पर एसडीएम श्रीराम सचान, सीओ चरन सिंह, कोतवाल जीडी शुक्ला मौजूद रहे।