महराजगंज तहसील क्षेत्र के शाहगंज में चल रहे बाबा ओरीदास मंदिर के मेले में सोमवार को दूषित खाद्य पदार्थों का सेवन करना 12 लोगों को महंगा पड़ गया।
किसी ने चाट, चाऊमीन, जलेबी तो किसी ने पानी के बताशे खाए थे। लोग घर पहुंचे तो उन्हें उल्टी और दस्त होने लगे। परिवारीजनों ने इनको सीएचसी में भर्ती कराया है।
शाहगंज मजरे मोन गांव स्थित बाबा ओरीदास मंदिर के पास बसंत पंचमी से मेला चल रहा है। सोमवार को भी मेला देखने वालों की भारी भीड़ उमड़ी थी।
लोगों ने चाट, चाऊमीन, जेलबी और पानी के बताशों का मजा लिया। घर पहुंचे तो करीब 12 लोगों को उल्टी और दस्त होने लगे।
पहले तो लोगों ने घरेलू उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने पर घर वाले उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां शाहगंज मजरे मोन के जीतू (12), श्रीकान्ती (30), चंद्रावती (45), सुनील (30), अनीता (25), किशन दुलारी (65), रूपा (8) व गीता (28) को डॉक्टर ने भर्ती कर लिया।
वहीं अन्य रोगियों ने दूसरे निजी चिकित्सकों से अपना इलाज कराया। सीएचसी के डॉक्टर गौरव मिश्रा का कहना है कि मेले में दूषित खाद्य पदार्थ खाने की वजह से लोग बीमार पड़े हैं। सभी को डायरिया की शिकायत है।