भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या के तीन और आरोपी गिरफ्तार
रायबरेली। भाजपा बूथ अध्यक्ष शिवभवन की हत्या के मामले में सलोन पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार करके बुधवार को जेल भेज दिया।
घटना के मुख्य आरोपी को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। महज टीवी देखने से मना करने पर हुए विवाद के चलते भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या कर दी गई थी। वहीं मृतक के भाई का लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि सलोन कोतवाली क्षेत्र के बेवली गांव निवासी व भाजपा बूथ अध्यक्ष शिवभवन की शनिवार रात निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने शिवभवन के भाई व प्रधान पति रामभवन को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था।
रामभवन को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। गांव के ही कमलेश साहू ने अपने साथियों के साथ इसलिए घटना को अंजाम दिया था कि प्रधान पति ने उसे टीवी देखने से मना कर दिया था।
मामले में पुलिस ने मृतक के पिता जगदीश की तहरीर पर उमेश, कमलेश साहू, धर्मेश, राम सजीवन साहू के खिलाफ हत्या और जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। इसमें मुख्य आरोपी कमलेश साहू को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
सलोन कोतवाल ने बताया कि, फरार चल रहे हत्यारोपी उमेश, धर्मेश और रामसजीवन को बुधवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। ये सभी आरोपी सलोन मोड़ पर कहीं भागने की फिराक में थे, तभी मुखबिर की सूचना पर तीनों को दबोच लिया गया।