टिकट कराने आए दलाल को स्टेशन अधीक्षक ने दबोचा
लालगंज। स्टेशन अधीक्षक ने शुक्रवार को टिकट कराने आए एक दलाल को दबोच लिया। सूचना पर पहुंची आरपीएफ दलाल को अपने साथ ले गई।
स्टेशन अधीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि रेलवे टिकट के दलालों की फोटो रेलवे द्वारा उनके पास भेजी गई थी। वह आरक्षण खिड़की पर गए तो एक युवक संदिग्ध हालात में बैठा मिला।
टोकते ही वह भागने लगा। दौड़कर उसे पकड़ लिया। रेलवे द्वारा भेजी गई फोटो से युवक का चेहरा मिलाया गया तो वह दलाल निकला।
उधर, सूचना आरपीएफ की डलमऊ चौकी को दी गई। आरपीएफ की डलमऊ चौकी इंचार्ज एसवी सिंह ने बताया कि पकड़ा गया दलाल महेश कुमार सलोन के उमरन गांव का रहने वाला है।
दलाल के विरुद्ध रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पकड़े गए दलाल के पास से दिल्ली के दो वेटिंग टिकट और एक रिजर्वेशन फार्म भी बरामद हुआ है।