पत्नी को ईंट से कूंचकर मार डाला और फिर लगा ली फांसी
रायबरेली। ऊंचाहार के किशुनदासपुर गांव में शनिवार रात एक युवक ने पत्नी को ईंट से कूंचकर मार डाला और फिर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की किसी महिला से नजदीकियां थीं। पत्नी इसका विरोध करती थी। इसी वजह से उसने घटना को अंजाम दिया। सूचना पर सीओ और एसओ ने पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
किशुनदासपुर गांव निवासी देशराज (35) मजदूरी करता था। रात में देशराज और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। इससे खफा होकर देशराज ने ईंट से पत्नी किरन (32) को कूंचकर मरणासन्न कर दिया।
महिला के चेहरे व सिर पर गंभीर चोटें आईं। इससे वह बेहोश हो गई। पत्नी को मरा समझकर देशराज घबरा गया और बाग में जाकर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
उधर, घटना की सूचना पर सीओ डलमऊ विनीत सिंह और एसओ धनंजय सिंह मौके पहुंचे। पुलिस ने घर के अंदर बेहोश पड़ी किरन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
सीओ ने बताया कि देशराज की किसी दूसरी महिला के साथ नजदीकियां थीं। पत्नी इसका विरोेध कर रही थी। रात में नशे की हालत में देशराज घर पहुंचा था।
पत्नी ने प्रेम-प्रसंग को लेकर विरोध जताया। इस पर उसने पत्नी को ईंट से कूंचकर मरणासन्न कर दिया। पत्नी को मरा समझकर वह घबरा गया था।
पुलिस के डर से उसने फांसी लगा ली, जबकि उसकी पत्नी की जिला अस्पताल में मौत हो गई। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।