मैजिक पलटी, 14 लोग घायल
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में रविवार को लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर मुंशीगंज के पास बेकाबू मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे उस पर सवार 14 लोग घायल हुए। इसमें से चार लोगों को अधिक चोटें आई। यूपी 100 पुलिस ने घायलों का सीएचसी बेलाभेला में इलाज कराया। ये सभी सत्संग में शामिल होने के बाद प्रतापगढ़ जा रहे थे।
जिला मुख्यालय स्थित ग्रिबशाह का पुरवा में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतापगढ़ के लोग आए थे। सत्संग के बाद शाम को मैजिक पर सवार होकर वापस जा रहे थे। इस पर करीब 14 लोग सवार थे। हाईवे पर मुंशीगंज के पास अनियंत्रित होकर मैजिक पलट गई। यह देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उस पर सवार सभी लोगों को बाहर निकाला। इसमें सभी को चोटें आई। करमचंद (50) पुत्र रामनरेश, श्यामलाल (49) पुत्र हीरालाल, धर्मा (40) पत्नी रामेदव निवासी संग्रामगढ़ प्रतापगढ़ और पितई (7) पुत्र भैरव निवासी संग्रामगढ़ प्रतापगढ़ को अधिक चोटें आई। सूचना पर यूपी 100 पुलिस ने पहुंचकर घायलों का सीएचसी बेलाभेला में इलाज कराया। इसके बाद सभी पिकअप पर सवार होकर प्रतापगढ़ चले गए। एसओ ओम प्रकाश सिंह का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है।