डीह (रायबरेली)। फर्जी दस्तावेज लगाकर आशा बहू के पद पर तैनाती पाने वाली महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
तीन सदस्यीय टीम की जांच के बाद सीएचसी अधीक्षक ने एफआईआर दर्ज कराई। जांच में पता चला कि ज्ञानवती ने सोमवती के नाम से फर्जी दस्तावेज लगाकर आशा बहू के पद पर अपना चयन करवा लिया था।
थाना क्षेत्र के पूरे ब्रह्मचारी मजरे बिरनावां गांव निवासी होरीलाल की शिकायत पर जांच कराई गई थी। मामले में स्वास्थ्य विभाग ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी थी।
जांच में पता चला कि महिला का वास्तविक नाम ज्ञानवती है और 2015 में सोमवती के नाम से फर्जी मार्कशीट लगाकर आशा बहू के पद पर तैनाती पा ली थी।
महिला ने प्राथमिक विद्यालय खरिका से कक्षा-पांच पास किया था। वहां भी इसकी मार्कशीट ज्ञानवती के नाम से है। चयन में सोमवती के नाम की कक्षा-आठ की मार्कशीट लगाई है। वह बभनपुर स्कूल की है।
टीम ने परिवार रजिस्टर की जांच की तो उसमें महिला का नाम ज्ञानवती दर्ज है जबकि महिला सोमवती के नाम के फर्जी दस्तावेज लगाकर ज्ञानवती से सोमवती बनकरआशा बहू के पद पर तैनाती पा ली थी।
जांच के बाद सीएचसी डीह के अधीक्षक डॉ. राजकिशोर तिवारी ने महिला के खिलाफ दस्तावेज में धोखाधड़ी करने की तहरीर दी।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानेदार राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि मामला दर्ज करके विवेचना शुरू करा दी गई है।